राज्य-राजधानी
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तीसरे चरण का शुभारंभ
31 अक्टूबर तक चलेगा जनजागरूकता कार्यक्रम
संत कबीर नगर। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम हेतु तीसरे चरण का विशेष नियंत्रण एवं जनजागरूकता अभियान शुरू हो गया है। यह अभियान 05 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव ने शुभारंभ करते हुए कहा कि स्वच्छता ही सुरक्षा की कुंजी है, इसलिए हर नागरिक को अपने आस-पास सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों को अभियान के अंतर्गत गांव-गांव जाकर स्वच्छता, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम, जल जमाव हटाने, हैंडवॉश की आदत अपनाने और बीमारी की शुरुआती पहचान जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के तहत डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए घर-घर जाकर जागरूकता फैलाई जाएगी। इसके अलावा विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे अपने परिवार और समुदाय में जागरूकता के दूत बन सकें।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों में पानी जमा न होने दें और सफाई को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, ताकि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
