पूर्वांचल
शीतला चौकियां धाम के गर्भगृह में दीपक जलाने पर रोक
जौनपुर। विंध्याचल मंदिर में हाल ही में हुई आग की घटना के बाद पूर्वांचल के प्रमुख आस्था केंद्र शीतला चौकियां धाम में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। अब मंदिर के गर्भगृह में दीपक जलाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। भक्तों को दीपक जलाने के लिए केवल हवन कुंड के आसपास की अनुमति दी गई है।
सुरक्षा के तहत नए प्रबंध
मंदिर प्रशासन ने गर्भगृह और हवन कुंड के पास अग्निशमन यंत्र लगाए हैं ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। पहले मंदिर के गर्भगृह में दीवार पर बने ताखे में दीपक जलाए जाते थे, लेकिन अब इसे बंद कर दिया गया है। मंदिर के महंत विनय त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा, “मंदिर में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु आते हैं। इसलिए नवरात्र से ही मंदिर में दो अग्निशमन यंत्र लगाए गए हैं। एक गर्भगृह में और दूसरा हवन कुंड के पास। भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।”
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही दीपक जलाएं। यह कदम आग लगने जैसी अनहोनी से बचने के लिए उठाया गया है।
