गाजीपुर
शिक्षा सबसे शक्तिशाली हथियार है : सीताराम यादव
बहरियाबाद (गाजीपुर) जयदेश। बहरियाबाद पानी टंकी स्थित कंपोजिट विद्यालय के प्रांगण में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव रहे। सबसे पहले सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। विद्यालय के छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, साथ ही साथ नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, कव्वाली, भोजपुरी गीत प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज की वह रीढ़ है, जो न केवल व्यक्ति के चरित्र का निर्माण करती है बल्कि एक राष्ट्र के भविष्य को भी उज्ज्वल बनाती है।

यह केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सोचने, समझने और सही-गलत के बीच अंतर करने की क्षमता विकसित करने का एक माध्यम है। आज के परिवेश में सभी लोगों के लिए शिक्षा एक अनमोल रत्न है। शिक्षा वह सबसे शक्तिशाली हथियार है, जिसका उपयोग आप दुनिया को बदलने के लिए कर सकते हैं। यह अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाली यात्रा है।
कक्षा 1 के काजल, कक्षा 2 के रावत एवं आदित्य, कक्षा 5 के अंशिका सोनकर एवं कक्षा 8 के अविनाश कुमार प्रथम स्थान प्राप्त किए। खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरण किए। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार के द्वारा किया गया। विद्यालय के सहायक अध्यापक मनोज कुमार सिंह, अवनी कुमार, चंद्रभान सिंह यादव, हवलदार राम, विकास कुमार, रामप्रवेश यादव, प्रतिज्ञा गुप्ता, राम प्रवेश मिश्रा, सुनील कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे। अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक रतन कुमार चौहान द्वारा समस्त अभिभावकों का आभार प्रकट किया।
