वाराणसी
शादी समारोह में विवाद, मारपीट में कई घायल
वाराणसी। जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के पंचायती कुआं स्थित एक लॉन में मंगलवार रात शादी समारोह के दौरान मारपीट की घटना हुई जिसमें कई लोग घायल हो गए। बताया गया कि पुरानी रंजिश और टिप्पणी को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और शादी समारोह की खुशियों में खलल डाल दिया।
जानकारी के अनुसार, अशोक पांडेय (55) और उनके पुत्र बाबू पांडेय (24) लॉन के गेट पर खड़े होकर रिश्तेदारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मुन्नूलाल पांडेय, संतोष पांडेय, मनोज पांडेय, धीरज पांडेय और सोनू पांडेय ने किसी बात पर टिप्पणी की। इसके बाद गाली-गलौज शुरू हो गई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बीच-बचाव करने आई मंगला देवी को भी मारपीट में चोटें आईं। घटना के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई और कई लोग सुरक्षित स्थानों पर भाग गए।
सूचना मिलते ही लाट भैरव चौकी प्रभारी पार्थ तिवारी और एसआई उमाशंकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मारपीट करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आदमपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई, और शादी की बाकी रस्में पूरी कराई जा सकीं। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
