गोरखपुर
शादी का झांसा देकर युवती को दिल्ली ले जाने और गर्भवती छोड़ने का आरोप
खजनी थाने में शिकायत दर्ज
गोरखपुर। जिले के खजनी थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, दिल्ली ले जाने और गर्भवती होने के बाद छोड़ देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की ओर से पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की गई है। मामले ने क्षेत्र में चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस से कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ख़जनी क्षेत्र निवासिनी ने बताया कि उसकी पहचान प्रहलाद यादव नामक युवक से हुई थी। युवती का आरोप है कि युवक ने लंबे समय तक शादी का भरोसा देकर उससे संबंध बनाए और भविष्य में साथ निभाने का वादा करता रहा। इसी भरोसे में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शारीरिक संबंध भी बने।
पीड़िता का कहना है कि 2 जनवरी 2026 को आरोपी युवक उसे घर से बुलाकर खजनी चौराहे से अपने साथ दिल्ली ले गया, जहां लगभग एक महीने तक साथ रखा। इस दौरान भी उसने शादी का आश्वासन दिया और संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि इसी दौरान वह गर्भवती हो गई और उसके पेट में अब एक महीने का बच्चा है।
शिकायत के मुताबिक, 2 फरवरी 2026 की रात आरोपी उसे गांव लाकर छोड़कर चला गया। इसके बाद उसने शादी से साफ इनकार कर दिया और कथित तौर पर कहा कि “जो करना है कर लो।”
पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक अब उससे किसी भी तरह का संबंध रखने से इंकार कर रहा है, जिससे वह मानसिक तनाव में है। प्रार्थना पत्र में युवती ने आरोपी के मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाने चाहिए ताकि किसी अन्य युवती के साथ इस तरह की घटना न हो।
