वाराणसी
शरारती तत्वों ने कांवरियों के वाहन का तोड़ा शीशा, मचाया उत्पात
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर ग्राम बंगलाचट्टी स्थित कांवरिया के सुरक्षित लेन पर बुधवार की देर रात प्रयागराज जिले के कोहना झूसी निवासी दर्जनों कांवरिया प्रयागराज से जल लेकर बाबा विश्वनाथ को जल चढ़ाने के लिए जा रहे थे। क्षेत्र के बंगला चट्टी स्थित ओवर ब्रिज उतरकर आराम फरमाते हुए तेज ध्वनि में डीजे बजा रहे थे कि कुछ शरारती तत्व पहुँच डीजे बंद कराने लगे। विवाद होने पर शरारती तत्वों ने कांवरियों के वाहन पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया और दो कांवरियों का मोबाइल छीनकर भाग गए।

इधर पथराव से कुछ कांवरिया घायल भी हुए हैं। इससे उग्र होकर कांवरियों ने सड़क पर पुलिस विरोधी नारा लगाते हुए हंगामा मचाने लगे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने कांवरियों को समझने का काफी प्रयास किया। लेकिन कांवरियों ने शरारती तत्वों को पकड़ने और उनके खिलाफ सख्त कारवाई करने की मांग कर रहे थे। कांवरिया संघ के लोग झूसी (प्रयागराज) के बताए गए।
