अपराध
कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म
जौनपुर। जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की शाम को कजरी खेलने जा रही विवाहिता ने गांव के ही दो लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सीओ मड़ियाहूं उमाशंकर सिंह ने बताया कि महिला ने दो लोगों द्वारा अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है और इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता बगल के गांव में कजरी खेलने की बात कहकर घर से शनिवार को देर शाम को निकली थी। काफी देर होने के बाद जब वह रात तक घर नही लौटी तो परिजन उसे खोजने निकले। काफी खोजबीन के बाद महिला गांव के ही बाहर करीब 500 मीटर दूर सरकारी शराब की दुकान के पास बदहवास हालत में पड़ी हुई पायी गयी। रात करीब 12 बजे के बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने महिला को सीएचसी ले आयी। जहां से इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
