चन्दौली
शराब न देने पर की गई थी वृद्धा की हत्या
चंदौली हत्याकांड का 48 घंटों के अंदर खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
मुगलसराय (चंदौली)। थाना मुगलसराय और स्वाट/सर्विलांस पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 48 घंटे के भीतर हत्या का सफल खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को वादी गोविन्द कुमार ने थाना मुगलसराय में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी मां हीरावत्ती देवी (65 वर्ष) की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति ने सिर कुचलकर की है। यह घटना काली महाल स्थित नाले के किनारे की झोपड़ी में हुई थी।
वादी की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य लांग्हे द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक सदर और क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में थाना मुगलसराय और स्वाट/सर्विलांस पुलिस टीम ने घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।
इन कैमरों में एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया जिसकी पहचान हिमांशु गुप्ता (20 वर्ष) के रूप में हुई। मुखबीर से सूचना मिलने पर पुलिस ने रविवार को उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने हत्या की बात स्वीकार की और बताया कि वह नशे में था।
उसने हीरावत्ती देवी से शराब मांगी थी लेकिन जब उन्होंने मना किया तो गुस्से में आकर लोहे की रॉड से उनका सिर कुचल दिया। हत्या के बाद वह अपना मुंह ढककर भाग गया था। अभियुक्त के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, खून से सनी टी-शर्ट और सफेद काला चेकदार मफलर बरामद किया गया हैं।
