Connect with us

वाराणसी

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चाचा लूटता रहा भतीजी की अस्मत, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। धर्म नगरी के सारनाथ थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला एक मामला प्रकाश में आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही भाई की बेटी को हवस का शिकार बनाया। दो बच्चों के पिता पन्नालाल ने अपनी सगी भतीजी की गर्दन पर चाकू रखकर न सिर्फ उसके साथ दरिंदगी की, बल्कि अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने का भय दिखाकर पिछले दो वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

घटनाक्रम के अनुसार, मजदूरी कर परिवार चलाने वाले पीड़िता के पिता ने अपनी तहरीर में बताया कि उनकी अनुपस्थिति में केशव लाल का पुत्र पन्नालाल छत के रास्ते उनके घर में दाखिल हुआ। उसने सो रही युवती की गर्दन पर चाकू टिका दिया और जान से मारने की धमकी देकर उसे जबरन छत पर ले गया, जहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इस घिनौने कृत्य के बाद आरोपी ने उसका वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार दो साल तक अपनी हवस का माध्यम बनाए रखा। इस लंबे उत्पीड़न के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई और मानसिक रूप से टूटकर गुमसुम रहने लगी।

घर में पसरी खामोशी और बेटी की बिगड़ती स्थिति देख जब पिता ने उससे पूछताछ की, तो पीड़िता ने अपनी बड़ी मां के सामने सिसकते हुए आपबीती बयां की। पिता का आरोप है कि उन्होंने अपने चचेरे भाई पन्नालाल को लोक-लाज का हवाला देकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ और वह अपनी करतूतों से बाज नहीं आया। छह वर्ष पूर्व अपनी पत्नी को खो चुके पीड़ित पिता ने बताया कि इस मानसिक प्रताड़ना के कारण वे पिछले दो दिनों से काम पर भी नहीं जा सके हैं, जिससे उनके घर में दाने-दाने का संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पन्नालाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत मिलते ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। कानून सम्मत कार्यवाही के तहत पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है और पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page