धर्म-कर्म
विश्व कल्याण एवं शांति के लिए मैदागिन स्थित जैन मंदिर में “श्री सर्वतो भद्र महामंडल विधान महोत्सव एवं महायज्ञ” का आयोजन
रिपोर्ट – प्रदीप कुमार
वाराणसी।काशी जैन धर्म के चार तीर्थंकरो सुपार्श्वनाथ, चंद्रप्रभु, श्रेयांसनाथ व पार्श्वनाथ की जन्म स्थली रही है। जहां विश्व कल्याण एवं शांति के लिए मैदागिन स्थित श्री बिहारीलाल दिगंबर जैन मंदिर में 25 फरवरी 2023 से 8 मार्च 2023 तक “श्री सर्वतो भद्र महामंडल विधान महोत्सव एवं शांति महायज्ञ” का आयोजन किया जा रहा है। जिसका शुभारंभ घट यात्रा से होगी। शनिवार, 25 फरवरी 2023 को आयोजित यह घाट यात्रा दशाश्वमेध घाट से प्रातः 7:00 बजे प्रारंभ होगी।
इस घट यात्रा में महिलाएं केसरिया वस्त्र एवं पुरुष श्वेत वस्त्र धारण किए हुए दशाश्वमेध घाट से 51 रजत कलशों में जल भरकर जयघोष करते हुए यात्रा प्रारंभ करेंगे। यह यात्रा गोदौलिया बांस फाटक चौक नीचीबाग बुलानाला होते हुए मैदागिन स्थित श्री बिहारीलाल दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान मार्ग में स्थान स्थान पर जैन बंधुओं एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। यात्रा के बिहारीलाल दिगंबर जैन मंदिर पहुंचने पर रजत कलशो में भरे पवित्र गंगाजल से मंदिर में स्थित मान स्तंभ का महाअभिषेक किया जाएगा। जिसके बाद ध्वजारोहण, इंद्र प्रतिष्ठा व विधान पूजा सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान किया जाएगा। उक्त जानकारी श्री बिहारीलाल दिगंबर जैन मंदिर के ट्रस्टी भूपेंद्र जैन ने दी। साथ ही उन्होंने सभी जैन बंधुओं से उक्त अनुष्ठान में सहभागी होकर पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है।
