वाराणसी
विपक्षी दलों का गठबंधन है ठगबंधन : अनुराग ठाकुर
अबकी बार उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेगी बीजेपी : अनुराग ठाकुर
कांग्रेस की जीत पर लगते हैं पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे
वाराणसी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन को ठगबंधन करार देते हुए कहा कि, अबकी बार 400 पार। इस बार शुरू होने वाले लोकसभा के चुनाव में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करेगी।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि, राहुल गांधी हताश और निराश हो चुके हैं। इसलिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। इस बार उत्तर प्रदेश में जनता दिखाएगी कि किसका सुपड़ा साफ होगा ? भाजपा इस बार जीत का नया रिकॉर्ड बनाएगी।अनुराग ठाकुर अपने दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने लोकसभा चुनाव को लेकर वाराणसी और चंदौली में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। हवाई अड्डे पर उनका विमान उतरते ही कार्यकर्ता जोश से भर गए। जैसे ही वह एयरपोर्ट से बाहर निकले उनका जोरदार स्वागत किया गया।

उन्होंने बातचीत के दौरान बताया कि, भाजपा अपने संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है। संगठन से निकलकर आज नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने चंदौली और वाराणसी में क्लस्टर पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि, कार्यकर्ता अपनी कमर कस लें। मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं और उनके संगठन को और मजबूत करें। हर बूथ पर 370 से अधिक बीजेपी को सीट दिलाने का लक्ष्य रखा गया है । उन्होंने बताया कि, लोकसभा चुनाव से ठीक पहले दोबारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी आ रहे हैं। उनका शंखनाद से भव्य स्वागत होगा। मुझे पूरी उम्मीद है की कार्यकर्ता और काशी के लोग नरेंद्र मोदी जी को भारी से भारी मतों से जीताकर तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएंगे।
तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर वह भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनाएंगे। एक प्रश्न के जवाब में अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, पूरे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सुनने वाला कोई नहीं है। राहुल गांधी की यह हालत हो गई है कि उनकी गाड़ी के आगे पीछे कोई चलने वाला नहीं है। जहां गांधी परिवार को चार-चार पीढ़ियों में वोट मिलता था आज वहां उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। एक तरह से नेहरू परिवार की यूपी से विदाई हो चुकी है। कांग्रेस भारत के टुकड़े-टुकड़े करने की सोच रखती है। धार्मिक स्थलों का विरोध करना कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों की आदत पड़ गई है।
