चन्दौली
विद्युत उपखंड मार्ग 15 साल से उपेक्षित, बारिश में बढ़ी लोगों की मुश्किलें

डीएम की नाराजगी के बाद भी नहीं जागा पीडब्ल्यूडी, हालत जस की तस
चंदौली। मुख्यालय स्थित विद्युत वितरण उपखंड जाने वाला मार्ग विगत कई वर्षों से अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। विद्युत कर्मचारियों द्वारा शिकायत के बाद भी आज तक उक्त मार्ग का निर्माण व पक्कीकरण नहीं कराया गया। इसके चलते बरसात के दिनों में उपभोक्ताओं सहित विद्युत कर्मचारियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विगत मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विद्युत वितरण खंड का निरीक्षण किया था। इस दौरान डीएम ने मार्ग की दशा देखकर नाराजगी प्रकट की। साथ ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को उक्त मार्ग के निर्माण का निर्देश दिया। डीएम के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मौका मुआयना कर अपने कार्यों की इतिश्री कर ली। इसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
बताते चलें कि, मुख्यालय स्थित विद्युत वितरण उपखंड पर जाने वाले मार्ग का विगत लगभग 15 वर्षों बाद भी पक्कीकरण नहीं कराया गया है। उक्त मार्ग से उपभोक्ताओं सहित विद्युत कर्मचारियों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी बरसात के दिनों में होती है। उक्त मार्ग पर जल जमाव से कीचड़ और फिसलन की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे अक्सर लोग दुर्घटना के शिकार भी हो रहे हैं। डीएम के निर्देश के बाद भी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों द्वारा मार्ग मरम्मत व पक्कीकरण को लेकर उदासीनता बरती जा रही है।
उपखंड पर तैनात विद्युत विभाग के टीजीटी-2 सुनील कुमार यादव, मनोज कुमार सिंह, रामप्रवेश यादव ने बताया कि मार्ग मरम्मत व पक्कीकरण नहीं होने से बरसात के दिनों में स्थिति नारकीय हो जाती है। उपभोक्ताओं सहित विद्युत कर्मियों को आने-जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्युत कर्मी सुशील कुमार, नंदन कुमार, मृत्युंजय यादव, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद यादव, समारू प्रसाद, रमाशंकर मौर्य ने बताया कि मार्ग का मरम्मत नहीं होने से बरसात के दिनों में अक्सर लोग फिसलकर घायल हो जाते हैं। जल जमाव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की भी आशंका प्रबल हो गई है। वहीं मच्छरों के प्रकोप से कार्य करना मुश्किल हो गया है। विद्युत कर्मियों ने उच्च अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट करते हुए मार्ग के पक्कीकरण की मांग की है।