गाजीपुर
‘विद्या पब्लिक स्कूल’ में धूमधाम से मनाया गया अभ्युदय दिवस
गाजीपुर (जयदेश)। विद्या पब्लिक स्कूल सिखड़ी में शनिवार को अभ्युदय दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देर शाम लगभग चार बजे मां सरस्वती एवं परम संत शिरोमणि कैची धाम के पूज्य स्वामी नीम करौली बाबा के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
दीप प्रज्वलन के दौरान मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. संतोष मिश्रा तथा भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रत्याशी एवं विद्यालय प्रबंधक पारसनाथ राय मौजूद रहे।
इसके उपरांत विद्यालय के बच्चों द्वारा मां सरस्वती पर आधारित स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष का विद्यालय प्रबंधन की ओर से गुलदस्ता, अंगवस्त्र तथा अयोध्या राम मंदिर का चित्र स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुति के क्रम में छात्र-छात्राओं ने सामाजिक विषयों एवं वर्तमान परिदृश्य पर आधारित नृत्य, गीत एवं नाटक प्रस्तुत किए। देशभक्ति पर आधारित विशेष कार्यक्रम ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। एक्शन और इमोशन से परिपूर्ण मंचन ने मन की भावनाओं को अभिव्यक्त करते हुए दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कृष्ण बिहारी राय एवं अध्यक्षता कर रहे डॉ. संतोष मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा ही देश निर्माण का मूल आधार है। संस्कारयुक्त शिक्षा से ही राष्ट्र सशक्त बनता है।”
अभ्युदय दिवस का यह आयोजन सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं देशभक्ति भावना से ओतप्रोत रहा, जिसने उपस्थित सभी लोगों पर गहरी छाप छोड़ी।
