मिर्ज़ापुर
विकसित उत्तर प्रदेश 2047 पर नगर पालिका की बैठक, सदस्यों ने रखे विकास के सुझाव
मीरजापुर। विकसित उत्तर प्रदेश 2047 – समृद्धि का शताब्दी पर्व को लेकर नगर पालिका के प्रधान कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश को 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए नगर पालिका सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
सभासद अलंकार जायसवाल ने कहा कि मीरजापुर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए। धार्मिक नगरी होने के कारण यहां आने वाले पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे पर्यटन को और गति मिल सके। अन्य सदस्यों ने भी शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
नपाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में की गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी पालिका की आय बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं को सशक्त करने के निर्देश दिए गए थे। नगर पालिका द्वारा इस दिशा में कई पहल की जा रही हैं।
विंध्याचल क्षेत्र में मल्टी लेवल पार्किंग सहित नई सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके। राजस्व वसूली में भी पहले की तुलना में सुधार हुआ है और इसे और बढ़ाने का प्रयास जारी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकसित बनाने के लिए सभी नागरिक अपने सुझाव विकसित उत्तर प्रदेश 2047 पोर्टल पर साझा कर सकते हैं। विकसित भारत की राह विकसित उत्तर प्रदेश से होकर गुजरती है, इसलिए सभी को मिलकर 2047 तक इस संकल्प को साकार करना होगा।
