वाराणसी
वाराणसी में ‘The Myth Busted’ का भव्य विमोचन, नारी नेतृत्व पर नई बहस शुरू

RSS की सेविका महिलाओं पर आधारित किताब ने तोड़ी मिथक, लेखक शेफाली कश्यप को मिली सराहना
काशी की पवित्र धरती में 22 जून 2025 को नारी शक्ति, साहित्य और समाज सेवा का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। महमूरगंज स्थित महेश्वरी भवन में लेखिका शेफाली कश्यप की चर्चित पुस्तक “The Myth Busted: Women in RSS and Sisterhood in Saffron” का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया, जिसे सामाजिक चेतना का उत्सव कहा जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने की। मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती, रूपा रावल, सुयश पांडे, तेज प्रताप सिंह और शशि बघेल जैसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने अपने विचार साझा करते हुए राष्ट्र सेविका समिति की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया। वक्ताओं ने बताया कि यह संस्था दशकों से शिक्षा, संस्कृति, आत्मरक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है।
इस आयोजन का दूसरा आकर्षण था ‘श्रेष्ठा सम्मान’ समारोह, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। बनारस घराने की अंतरराष्ट्रीय पहचान मीना मिश्रा और उत्तर प्रदेश की पहली महिला ब्लैक बेल्ट अनीता सिंह जैसे प्रेरणादायक चेहरों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अनीता सिंह द्वारा एक लाख से अधिक बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देना, महिला सशक्तिकरण की एक मिसाल बन चुका है।
The Myth Busted पुस्तक को नारी नेतृत्व और स्वयंसेविका महिलाओं की भूमिका पर आधारित एक साहसिक और विचारोत्तेजक विमर्श के रूप में देखा जा रहा है। यह पुस्तक उन आवाज़ों को केंद्र में लाती है, जिन्हें अब तक हाशिए पर रखा गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और करतल ध्वनि के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने लेखिका शेफाली कश्यप और सभी सम्मानित महिलाओं को हृदय से अभिनंदन किया। यह आयोजन सिर्फ एक पुस्तक विमोचन नहीं, बल्कि नारी शक्ति के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सार्थक कदम था।