वाराणसी
वाराणसी में 814 करोड़ की पेयजल योजना को मंजूरी, पीएम मोदी करेंगे शिलान्यास
वाराणसी में पेयजल संकट से जूझ रहे शहरी और विस्तारित इलाकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत नगर निगम के 18 अत्यधिक प्रभावित वार्डों समेत वरुणा पार, रामनगर और सूजाबाद क्षेत्रों के लिए कुल 814.54 करोड़ रुपये की व्यापक पेयजल परियोजनाओं को शासन से प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं की आधारशिला जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रखी जाएगी।
परियोजना के तहत शहर के प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 651.64 किलोमीटर लंबा नया पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया जाएगा। जल भंडारण और दबाव बनाए रखने के लिए 18 ओवरहेड टैंक और 22 भूमिगत जलाशयों का निर्माण भी प्रस्तावित है। पूरी व्यवस्था को स्काडा तकनीक से जोड़ा जाएगा, जिससे जल निगम के कंट्रोल रूम से ही पानी की आपूर्ति, लीकेज और दबाव की रियल-टाइम निगरानी संभव हो सकेगी और पानी की बर्बादी पर नियंत्रण लगाया जा सकेगा। इस योजना से 67,886 घरों को शुद्ध पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन इलाकों में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाना है जहां पुरानी पाइपलाइनों या कम दबाव के कारण पानी की समस्या बनी रहती है। इसके अंतर्गत राइजिंग मेन पाइप बिछाने के साथ कर्मचारियों के लिए स्टाफ क्वार्टर निर्माण का भी प्रावधान किया गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार परियोजना के लागू होने के बाद शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में लंबे समय तक पानी की किल्लत नहीं रहेगी। शासन से पहली किस्त जारी होने के बाद जल निगम ने निर्माण कार्यों की तैयारी तेज कर दी है।
परियोजना के अंतर्गत शिवपुरवा, तुलसीपुर, बिरदोपुर और काजीपुरा वार्डों में 184.09 करोड़ रुपये की लागत से 112.17 किलोमीटर लंबा नेटवर्क तैयार किया जाएगा। दुर्गाकुंड, नरियां, सरायनंदन, जोल्हा उत्तरी और भेलूपुर क्षेत्रों में 166.67 करोड़ रुपये से 251.92 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। शिवाला, नगवा, बघाड़ा, जंगमबाड़ी और बंगाली टोला में 87.95 करोड़ रुपये से 94.77 किलोमीटर का नेटवर्क विकसित होगा।
हुकुलगंज और नई बस्ती वार्ड में 45.91 करोड़ रुपये की लागत से एक ओवरहेड टैंक और 58.35 किलोमीटर पाइपलाइन का निर्माण किया जाएगा, जबकि प्रह्लाद घाट और कृतिवाशेश्वर वार्ड में 33.44 करोड़ रुपये से 34.44 किलोमीटर पाइपलाइन बिछेगी। इसके अतिरिक्त ट्रांस वरुणा जलापूर्ति योजना (लमही जोन) फेज-1 पार्ट-बी के लिए 137.43 करोड़ रुपये, सूजाबाद जोन के लिए 34.77 करोड़ रुपये, क्लस्टर-2 विस्तार योजना के लिए 33.44 करोड़ रुपये और रामनगर के नए विस्तारित क्षेत्रों के लिए 90.85 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में काशी के विकास का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत-2.0 के तहत स्वीकृत यह परियोजना शहर के 18 वार्डों और विस्तारित क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी और इसके माध्यम से हर घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
