वाराणसी
वाराणसी में गेहूं खरीद की शुरुआत, 1109 किसानों ने कराया ऑनलाइन पंजीकरण
वाराणसी। जनपद में इस वर्ष गेहूं खरीद प्रक्रिया की शुरुआत के साथ ही प्रशासन ने नौ हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिले में कुल 29 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिन्हें शासन के निर्देशानुसार 30 मार्च से संचालित किया जा रहा है। एक अप्रैल तक गेहूं बेचने के लिए 1109 किसानों ने ऑनलाइन आवेदन कर दिया है। इस बार व्यवस्था में बदलाव करते हुए किसानों का सत्यापन तहसील स्तर पर नहीं किया जा रहा है।
बुधवार को खरीद के पहले दिन बड़ागांव क्षेत्र के बगिया स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर साधोगंज खरावन गांव निवासी किसान मनिहर जायसवाल पहले विक्रेता के रूप में पहुंचे। केंद्र प्रभारी राजेश कुमार शुक्ला ने उन्हें सम्मानित करते हुए माला पहनाई और मुंह मीठा कराया। मनिहर जायसवाल अपने साथ 60 बोरी में कुल 30 क्विंटल गेहूं लेकर केंद्र पहुंचे और बिक्री की प्रक्रिया पूरी की।
केंद्र प्रभारी के अनुसार किसानों को गेहूं का भुगतान एनपीसीआई प्रणाली के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में 48 घंटे के भीतर कर दिया जाएगा। इससे भुगतान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया गया है, जिससे किसानों को समय पर उनकी उपज का मूल्य मिल सके।
