वाराणसी
वाराणसी नगर निगम ने रोका कर्मचारियों का वेतन

वाराणसी। वाराणसी नगर निगम ने अपने कर्मचारियों का जुलाई महीने का वेतन रोक दिया है। निगम प्रशासन का यह फैसला कर्मचारियों के छत पर सोलर पैनल न लगवाने के कारण लिया गया। जून माह में नगर निगम ने आदेश जारी कर सभी कर्मचारियों को अपने घर की छत पर सोलर रूफ टॉप लगवाने को कहा था। सोमवार को वेतन रोके जाने के विरोध में कर्मचारियों ने प्रधान कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस मुद्दे पर आज अपर नगर आयुक्त द्वारा बुलाई गई बैठक का कर्मचारी संघ ने विरोध किया।
नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि सरकार की सोलर रूफ टॉप योजना अच्छी है, लेकिन नगर निगम प्रशासन ने शासन के किसी आदेश का पालन किए बिना अपनी तरफ से तुगलकी फरमान जारी कर दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने आदेश दे दिया कि जब तक कर्मचारी सोलर पैनल नहीं लगवा लेंगे, तब तक उनका वेतन जारी नहीं होगा।
मनोज कुमार ने बताया कि जुलाई खर्चीला महीना होता है। बच्चों के एडमिशन और मोहर्रम पर्व जैसे जरूरी खर्च हैं। इस बारे में नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त से मुलाकात कर वेतन जारी करने का अनुरोध भी किया गया था। हालांकि नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने मौखिक रूप से लेखा विभाग को कह दिया कि जब तक रजिस्ट्रेशन नहीं होगा, किसी का वेतन न दिया जाए।
कर्मचारी संघ अध्यक्ष ने सवाल किया कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी, जिनकी तनख्वाह 8 हजार से 16 हजार रुपए है, वे एक लाख 80 हजार का रूफ टॉप पैनल कैसे लगवाएंगे। उन्होंने बताया कि 3 किलोवाट का प्लान एक लाख 80 हजार रुपए में आता है, जिसमें से एक लाख दो हजार रुपए सब्सिडी के रूप में वापस मिल जाते हैं। इसके बावजूद 78 हजार रुपए तुरंत खर्च करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि योजना अच्छी है लेकिन कर्मचारियों पर जबरदस्ती थोपना गलत है।