वाराणसी
वाराणसी के अस्सी घाट पर मिले आठ दिन से लापता फिल्म डायरेक्टर
लखनऊ/वाराणसी। फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा लखनऊ पुलिस को वाराणसी के अस्सी घाट से सकुशल मिल गए हैं। वह कोलकाता पुलिस से बचने के लिए मोबाइल बंद कर गायब हो गए थे। गोमतीनगर (लखनऊ) थाना प्रभारी सुधीर अवस्थी ने बताया कि उन्हें उनकी पत्नी को सुपुर्द कर दिया गया है। इस बारे में डायरेक्टर की पत्नी ने बताया कि उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं है। वे कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं।
डायरेक्टर सनोज मिश्रा की पत्नी श्रुति मिश्रा को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, और कॉल करने वाले ने बताया कि, सनोज मिश्रा को वाराणसी के अस्सी घाट पर देखा गया है। उस वक्त उनकी पत्नी सनोज मिश्रा की तलाश में लखनऊ से कोलकाता जा रही थी । वे ट्रेन से मुजफ्फरपुर पहुंची थी, तभी उनके पास कॉल आया। इसके बाद पत्नी श्रुति मिश्रा वाराणसी पहुंची। वहां देखा कि सनोज मिश्रा की मानसिक हालत ठीक नहीं मिली। वे अस्सी घाट पर एक जगह लेटे हुए मिले। किसी को पहचान नहीं रहे थे। इसके बाद उनकी पत्नी उन्हें होटल लेकर गई। फिर दोनों लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

बता दें कि, लखनऊ में रहने वाले ‘द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल’ के डायरेक्टर सनोज मिश्रा 8 दिन बाद बनारस से मिले हैं। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद बंगाल सरकार ने उन पर केस दर्ज किया था। पुलिस ने उन्हें कोलकाता बुलाया, जिसके बाद वे लापता हो गए। सांसद कंगना रनौत ने भी इस मामले में बंगाल सरकार से गुहार लगाई थी।
