वाराणसी
वकील की पिटाई से आहत ट्रांसजेंडर ने एडीएम बिल्डिंग से लगायी छलांग
वाराणसी। कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम (सिटी) बिल्डिंग उस समय अफरातफरी का केंद्र बन गई जब एक ट्रांसजेंडर ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांसजेंडर उत्कर्ष अपने साथी सलमान के साथ सुलह-समझौते के लिए कचहरी पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान एक वकील ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान बाल खींचे गए, लात-घूंसे चलाए गए। बुरी तरह से डरा उत्कर्ष जान बचाने के लिए भागते हुए एडीएम बिल्डिंग की दूसरी मंजिल तक पहुंच गया और वहां से सर्किट हाउस के सामने कूड़ाघर की ओर छलांग लगा दी। उत्कर्ष को कमर में गंभीर चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो घटना के बाद हमलावर वकील मौके से फरार हो गए।
पुराना विवाद बना वजह
ट्रांसजेंडर सलमान के मुताबिक, उत्कर्ष सारनाथ के सलारपुर इलाके का रहने वाला है। पड़ोसियों द्वारा लगातार हो रही अभद्रता और मारपीट से परेशान होकर उत्कर्ष ने पूर्व में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से एक वकील उसे लगातार धमकी दे रहा था। शनिवार को भी गालियों भरा फोन आने पर उत्कर्ष ने सलमान को सूचित किया, जिसके बाद दोनों कलेक्ट्रेट पहुंचे थे।
पुलिस पहुंची, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल उत्कर्ष को तत्काल डीडीयू अस्पताल भेजा गया। वहीं, मौके की नजाकत को देखते हुए आरोपी वकील और उनके साथी कचहरी परिसर से निकल भागे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रांसजेंडर समुदाय ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
