वाराणसी
लोक अदालत में 3.18 लाख वादों का समाधान
20.61 करोड़ की हुयी वसूली
वाराणसी। शनिवार को लोक अदालत में प्रशासन से जुड़े 3,18,712 मामलों का सहमति से समाधान किया गया और 20.61 करोड़ रुपये की वसूली हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला जज संजीव पांडेय ने बताया कि यह प्रणाली न्याय को आमजन तक पहुंचाने के साथ समय और धन की बचत करती है।
सचिव और अपर सत्र न्यायाधीश विजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि जनपद न्यायालय से जुड़े 21,714 मामले निपटाए गए जिनमें से 21,231 फौजदारी मामले थे।
वहीं प्रशासन और अन्य विभागों से संबंधित 2,87,867 मामलों का भी निपटारा हुआ। इस मौके पर केंद्रीय कारागार के बंदियों द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित लकड़ी के खिलौने, दरी, गमछा, अचार और ब्रेड की प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसमें लोगों ने खरीदारी की।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी अश्वनी कुमार दूबे, किरनपाल सिंह, बीडी मिश्र, रविंद्र कुमार श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी अनिल कुमार और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख वरुण कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
