अपराध
लेनदेन विवाद ने ली अधिवक्ता की जान, बेटे पर हत्या का आरोप
कुशीनगर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के सनेरा मल्ल गांव में लेनदेन के विवाद ने एक अधिवक्ता की जान ले ली। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रहे प्रसिद्ध नारायण दीक्षित की लाठी-डंडों से पिटाई कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद छोटे पुत्र ने बड़े भाई, भाभी और दो भतीजों पर हत्या का आरोप लगाया है।
बताया गया कि 72 वर्षीय अधिवक्ता अपने छोटे पुत्र अमरेंद्र के साथ रहते थे, जबकि बड़े पुत्र राघवेंद्र का परिवार अलग निवास करता है। परिवार के अनुसार, पैतृक भूमि पर दोनों पुत्रों के लिए अलग-अलग मकान का निर्माण कराया जा रहा था। इसी बीच शुक्रवार की शाम राघवेंद्र द्वारा निर्माण को लेकर आपत्ति जताते हुए अपने अनुसार मकान बनवाने और दस लाख रुपये की मांग की गई, जिसे अधिवक्ता ने अस्वीकार कर दिया था।
शुक्रवार को करीब साढ़े चार बजे इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पिटाई में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसकी पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। रिपोर्ट में सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट को मृत्यु का कारण बताया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार दोपहर शव गांव पहुंचा तो वृद्ध माता-पिता रामपति व रामअशीष दीक्षित, पत्नी विंदा समेत परिजनों में कोहराम मच गया। छोटे पुत्र अमरेंद्र ने घटना को हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश तिवारी के अनुसार, अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
