वायरल
“लेखपालों को हल्के में रहना अनिवार्य, बाहर जाने के लिए डीएम की अनुमति जरूरी” : सीएम योगी
लखनऊ। प्रदेश में अब राजस्व लेखपालों को अपने हल्के (कार्य क्षेत्र) में ही रहना अनिवार्य होगा। राजस्व परिषद ने अपने हल्के से बाहर रहने वाले लेखपालों की रिपोर्ट तलब की है। इस संबंध में राजस्व परिषद की आयुक्त मनीषा त्रिघाटिया ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि लेखपाल अपने कार्य क्षेत्र में निवास करें।
नियमावली का पालन जरूरी
उत्तर प्रदेश लेखपाल सेवा नियमावली 2006 के नियम 26 के तहत, लेखपालों को अपने हल्का क्षेत्र में ही निवास करना अनिवार्य है। हाल ही में राजस्व मामलों की समीक्षा में यह सामने आया कि अधिकांश लेखपाल हल्के से बाहर रहते हैं, जिससे राजस्व मामलों का समय पर निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
राजस्व परिषद को जनता और जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि लेखपालों के हल्के में मौजूद न होने से स्थानीय कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। जनता के महत्वपूर्ण कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे।
डीएम की अनुमति के बिना बाहर जाना मना
परिषद ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कारणवश लेखपाल को अपने हल्के से बाहर जाना पड़े, तो इसके लिए संबंधित जिलाधिकारी से अनुमति लेनी होगी। परिषद ने सभी जिलाधिकारियों से लेखपालों की स्थिति की नियमित निगरानी और रिपोर्ट मांगी है।
राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता
राजस्व परिषद ने जोर देकर कहा है कि लेखपालों की हल्के में उपस्थिति से न केवल राजस्व मामलों का तेजी से निस्तारण होगा, बल्कि जनता को भी समय पर सेवाएं मिलेंगी। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले लेखपालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
