अपराध
लूट और हत्या के प्रयास में वांछित महिला गिरफ्तार
वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और चोरी-लूट की घटनाओं के खुलासे के अभियान के तहत जैतपुरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार शाम को लूट और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 3 नवंबर की शाम करीब 5 बजे कुछ विपक्षियों ने मिलकर उसके घर का तम्बू और परदा फाड़ा और सामान लूटने की कोशिश की। जब पीड़िता ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसे और उसके पिता पर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसके कपड़े फाड़ने का प्रयास किया और धमकियां दीं। इस मामले में जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने 4 नवंबर को गोवर्धन यादव के कटरे के पास ढेलवरिया क्षेत्र में छापा मारकर वांछित महिला को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। गिरफ्तार की गई अभियुक्ता पर पहले से भी विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी सत्यदेव गुप्ता, महिला उपनिरीक्षक निधि वाजपेई, महिला कांस्टेबल बिंदू वर्मा और कांस्टेबल विपिन मिश्रा शामिल रहे।
