सियासत
लखीमपुर थप्पड़ कांड: विधायक पिटाई मामले में चार भाजपा कार्यकर्ता बर्खास्त
लखीमपुर। लखीमपुर सदर से भाजपा विधायक योगेश वर्मा की पिटाई के मामले में भाजपा ने चार कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। बर्खास्त कार्यकर्ताओं में लखीमपुर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की पूर्व अध्यक्ष पुष्पा सिंह, उनके पति अवधेश सिंह (जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष), भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की पूर्व सह संयोजक ज्योति शुक्ला शामिल हैं।
विधायक वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलकर इस घटना की पूरी जानकारी दी, जिसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई का पत्र जारी किया।
इन चारों पर लिया गया एक्शन –

घटना नौ अक्तूबर की है, जब लखीमपुर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के डेलीगेट चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत करने पहुंचे विधायक योगेश वर्मा की सार्वजनिक रूप से पिटाई कर दी गई। वायरल वीडियो में अवधेश सिंह विधायक को थप्पड़ मारते नजर आए थे।
विधायक वर्मा ने आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत की थी, जिसके बाद प्रदेश नेतृत्व ने सभी आरोपियों से स्पष्टीकरण मांगा और फिर उन्हें बर्खास्त कर दिया।
