चन्दौली
रोड निर्माण से पहले नाली में लापरवाही, जल निकासी पर संकट का अंदेशा

अधिकारियों की अनदेखी या ठेकेदार की मनमानी ? नाली निर्माण पर उठे सवाल
जिलाधिकारी से जांच और कार्रवाई की मांग
चंदौली। सकलडीहा अंबेडकर मूर्ति के समीप रोड निर्माण से पूर्व बनाए जा रहे नाली निर्माण में अनियमितता बरतने का मामला संज्ञान में आ रहा है। जहां नाली निर्माण मानक के अनुरूप होता दिखाई नहीं दे रहा है। क्योंकि जहां भी नालियां बनी हुई हैं उनकी चौड़ाई लगभग 3 फीट के आसपास बताई जा रही है। वहीं सोमवार की सुबह जब कुछ व्यापारियों द्वारा इस बात की जानकारी दी गई कि नाली निर्माण कार्य के दौरान कई जगहों पर कार्य को पूर्ण करने वाले कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है, जिससे रोड निर्माण के पश्चात जल निकासी में परेशानी उत्पन्न हो सकती है।
क्योंकि नाली निर्माण कार्य कर रहे कर्मचारियों द्वारा कुछ स्थान पर नाली को संकरा कर दिया गया है। जहां मानक लगभग 3 फीट के आसपास बताया गया है वहीं एक स्थान पर नाली की चौड़ाई लगभग डेढ़ फीट के आसपास ही दिखाई दे रही है। जबकि इसके बारे में नाली निर्माण कार्य कर रहे लोगों से नाली की चौड़ाई बराबर किए जाने के बारे में भी कहा गया, परंतु उन लोगों द्वारा ग्रामीणों की बातों को दरकिनार करते हुए संकरी नाली का निर्माण कर दिया गया। जिससे आक्रोशित व्यापारियों द्वारा विरोध भी दर्ज कराया गया।
वहीं जब हकीकत जानने के लिए उक्त स्थान पर टीम द्वारा उपस्थिति दर्ज कराते हुए नाली निर्माण को देखा गया तो एक स्थान पर लगभग डेढ़ फीट के आसपास ही ढलाई का कार्य पाया गया। वहीं ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उक्त मामले का संज्ञान लेते हुए नाली निर्माण कार्य विभाग से कराए जाने की मांग की है तथा लापरवाही बरत रहे कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।