अपराध
रेलवे ट्रैक पर सिलेंडर-पत्थर रखने वाला यूट्यूबर गिरफ्तार
प्रयागराज। वंदे भारत ट्रेन और अन्य ट्रेनों के आवागमन के दौरान रेलवे ट्रैक पर एक युवक ने सिलेंडर, साइकिल और पत्थर रख दिए। उसने ऐसा रील बनाने के लिए किया। इस रील को वह यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर शेयर करता था। ट्रेन जब ट्रैक से गुजरी तो पत्थर दूर जा गिरा। पुलिस का मानना है कि ट्रैक पर रखी चीजों से ट्रेन पटरी से उतर सकती थी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ करने पर उसने बताया कि, यूट्यूब पर दोस्तों के उकसाने और लाइक्स के चक्कर में वीडियो बना रहा था।
हालांकि, पुलिस ट्रेन पलटाने की साजिश के एंगल पर भी जांच कर रही है। आरोपी के वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें वह ट्रैक पर टेप से मुर्गा चिपकाता, सिलेंडर रखता और पत्थर बिछाता नजर आ रहा है। आरोपी पहचान की 22 साल के गुलजार के रूप में हुई है। वह नवाबगंज का रहने वाला है। उसने सिर्फ कक्षा 10 तक पढ़ाई की है।

रेलवे पुलिस ने बताया कि, आरोपी का यूट्यूब पर गुलजार इंडियन हैकर के नाम से चैनल है। उसके 2 लाख 36 हजार फॉलोअर हैं। वह सोशल मीडिया पर व्यूज पाने के लिए ट्रेन के आगे स्टेपलाइजर, कूलर, साइकिल, स्टोव रखकर वीडियो बनाता था। एक युवक ने एक्स पर रेलवे और पुलिस अफसरों को टैग किया। मामले की जांच की गई और पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ घंटे रेकी के बाद युवक को घर से अरेस्ट कर लिया गया।
रेल मंत्रालय ने क्या कहा?
मंत्रालय ने इस बात पर प्रकाश डाला कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के महानिदेशक ने इस बात पर जोर दिया कि गुलजार शेख के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना भारतीय रेलवे की सुरक्षा से समझौता करने की कोशिश करने वालों के लिए एक ठोस निवारक होगा। अउन्होंने रेलवे सुरक्षा के महत्वपूर्ण महत्व को दोहराया और जनता को आश्वासन दिया कि इसे कमजोर करने के किसी भी प्रयास का दृढ़ संकल्प और सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ सामना किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर अधिकतम सजा सुनिश्चित करने के लिए मुकदमा चलाया जाएगा।
डीजी आरपीएफ ने लोगों से ऐसी गतिविधियों में भाग न लेने और रेलवे सुरक्षा और संरक्षा से समझौता करने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना देने का आग्रह किया। ऐसी सूचना रेलवे सुरक्षा बल या रेल मदद को टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से दी जा सकती है।
