Connect with us

वाराणसी

रेलवे टावर वैगन के चार पहिए पटरी से उतरे, इंजीनियर समेत कर्मचारी ने कूदकर बचाई जान

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। बनारस रेल मंडल के हरदत्तपुर में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन की जांच करने निकले रेलवे के टावर वैगन के चार पहिए अचानक बेपटरी हो गए। हादसा लूप लाइन में हुआ, जिससे ट्रेनों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। घटना के दौरान टावर वैगन असंतुलित हुआ तो उसमें सवार सीनियर सेक्शन इंजीनियर समेत अन्य कर्मचारियों ने कूदकर अपनी जान बचाई, हालांकि उन्हें हल्की चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही डीआरएम आशीष जैन समेत बनारस रेल मंडल के सभी अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कराया गया। लगभग एक घंटे बाद सेफ्टी ट्रेन और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी पहुंच गए।

दोपहर करीब साढ़े 12 बजे शुरू हुआ टावर वैगन को वापस पटरी पर चढ़ाने का कार्य रात नौ बजे तक चलता रहा। जानकारी के अनुसार, दो कोचों वाला टावर वैगन सुबह लगभग 10 बजे मंडुवाडीह से हरदत्तपुर के लिए रवाना हुआ था। इसे लूप लाइन में खड़ा किया जाना था और इसी दौरान हादसा हो गया।

लोको पायलट संजय प्रजापति टावर वैगन लेकर आगे बढ़ रहे थे कि तेज आवाज के साथ पहिए पटरी से उतर गए। संयोग रहा कि उस समय गति धीमी थी, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। हादसे में रेल पटरी को भी नुकसान पहुंचा।

रात होने पर रेल कर्मचारियों ने वहीं तंबू लगाकर, रोशनी की व्यवस्था की और कार्य में लगे रहे। मंडल प्रबंधक ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page