अपराध
रुपये के लालच में भतीजे ने की थी व्यापारी दंपती की हत्या, तीन गिरफ्तार
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज के राज पैलेस के पास 10 अगस्त को हुई व्यापारी दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। ब्याज पर लिए गए साढ़े आठ लाख रुपये न लौटाने के लालच में रिश्ते के भतीजे (साढ़ू के लड़के) ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दंपती की बेरहमी से हत्या की थी।
शनिवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा उसके दो अन्य दोनों साथियों को भी दबोच लिया। मुठभेड़ में कस्बा चौकी प्रभारी भी जख्मी हुए हैं। उनके गले के पास गोली का छर्रा लगा है। जिला अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया है, जबकि मुख्य आरोपी को वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
बदमाशों के पास से व्यापारी की लाइसेंसी रिवाल्वर, घर से लूटे गए करीब 15 लाख के आभूषण, डायरी, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक आदि सामान बरामद हुआ है।बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसओसी, सर्विलांस, सदर कोतवाली सहित पुलिस की सात टीमें लगी थी।

जानकारी के अनुसार, ब्रह्मनगर के रहने वाले व्यापारी धर्मेंद्र सिंह पटेल और उनकी पत्नी मंजू देवी की 10 अगस्त को धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई थी। व्यापारी धर्मेंद्र पटेल रिश्ते में कुंदन का मौसा लगता था। उसने ब्याज पर चार लाख रुपये कुंदन को दिए थे। कई अन्य लोगों को भी कुंदन ने ब्याज पर रुपये दिलाए थे। इसका पूरा हिसाब डायरी में था।
यह रुपये न देने पड़ें और घर में मौजूद लाखों रुपये नकदी-जवेरात के लालच में आकर कुंदन ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। हत्यारे घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर, मृतक की लाइसेंसी रिवाल्वर, लेन-देन के हिसाब से जुड़ी डायरी, नकदी-आभूषण उठा ले गए थे।
