Connect with us

गाजीपुर

राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने जोरावर सिंह और फतेह सिंह की बलिदान गाथा पर जताया गर्व

Published

on

भाजपा जिला कार्यालय में गुरु गोविंद सिंह के साहबजादों की शहादत दिवस पर विचार गोष्ठी संपन्न

गाजीपुर। साहस और शौर्य के प्रतीक गुरु गोविंद सिंह के साहबजादों जोरावर सिंह (9 वर्ष) और फतेह सिंह (7 वर्ष) की शहादत दिवस 26 दिसंबर से पूर्व आज भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक विचार गोष्ठी का आयोजन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सरकार देश के सम्मान, स्वाभिमान और सनातन सभ्यता, संस्कृति के लिए बलिदान देने वाले अनगिनत शहीदों के गौरवशाली इतिहास को लोगों के मानस पटल पर स्थापित कर रही है। डॉ. बलवंत ने बाल दिवस की प्रासंगिकता पर सवाल उठाते हुए जोरावर सिंह और फतेह सिंह जैसे साहसी और छोटे उम्र के शहीदों की बलिदान पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि इन छोटे बच्चों की शहादत धर्म की रक्षा के लिए हुई थी, और उनकी प्रेरणादायक गाथा हमें भविष्य के लिए प्रेरित करती है।

पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शहादत भारतीय सभ्यता और संस्कृति के खिलाफ भयानक क्रूरता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन सभ्यता, संस्कृति की सर्वधर्म-सद्भाव और समभाव की जीवन पद्धति को दुनिया ने मान्यता दी है। उनके बलिदान ने यह साबित कर दिया कि देशहित, राष्ट्रहित और समाजहित की सनातन व्यवस्था कभी टूटने वाली नहीं है, भले ही कितने भी कुचक्र हों।

Advertisement

पार्टी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारसनाथ राय ने कहा कि जोरावर सिंह और फतेह सिंह जैसे बलिदान भारत के गौरवशाली परंपरा का उदाहरण हैं। देश के इतिहास में ऐसे अनेकों उदाहरण भरे पड़े हैं, जो हमें प्रेरित करने वाले हैं।

जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि जोरावर सिंह और फतेह सिंह की बहादुरी भरी शहादत आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने बताया कि इस गौरवशाली इतिहास को और अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए 23 और 24 दिसंबर को जिले के सभी मंडलों में विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।

सुनील कुमार सिंह ने यह भी बताया कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को पार्टी बूथ स्तर पर मनाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी सड़क पर पदयात्रा निकालकर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

गोष्ठी में पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, और शहीद जोरावर सिंह व फतेह सिंह के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Advertisement

गोष्ठी को पूर्व विधायक कालीचरण राजभर, विनोद अग्रवाल, विश्व प्रकाश अकेला, कमलेश प्रकाश सिंह सहित अन्य ने भी संबोधित किया। संचालन डॉ. रजनीश सिंह ने किया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, श्यामराज तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, सम्पूर्णानंद उपाध्याय, रविंद्रनाथ राय, गुलाम कादिर रायनी, धनेश्वर बिंद, अविनाश सिंह, दुर्गेश सिंह, अनिल पांडेय, नृपेन्द्र उपाध्याय, मयंक जायसवाल, राकेश यादव, दिलीप गुप्ता, सतिश राय, शशांक राय, मनोज यादव, शनि चौरसिया, प्रतिभा शर्मा, ममता साहनी, और नितीश दूबे आदि उपस्थित थे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa