अपराध
रहस्यमय परिस्थितियों में युवती ने फांसी लगाकर दी जान
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर मधुकरशाहपुर गांव में रविवार को एक युवती द्वारा रहस्यमय परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान देने की घटना सामने आई। मृतका के परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को दाह संस्कार के लिए ले जा रहे थे, लेकिन किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस ने शव को रास्ते में ही रोक लिया।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय सोनी बिंद, पुत्री सियाराम बिंद ने रविवार की सुबह फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना का पता तब चला जब उसकी मां चंद्रावती देवी खेत से घर लौटीं और अपनी बेटी को रस्सी के सहारे लटका पाया। यह दृश्य देख चंद्रावती देवी जोर-जोर से रोने लगी जिससे घर में कोहराम मच गया।
परिजनों ने इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी और दोपहर में शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे। इसी बीच किसी ने डायल 112 पर सूचना दे दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रोक लिया। देखते ही देखते गांव में सैकड़ों लोग जमा हो गए और यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।
मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए, जबकि डॉग स्क्वायड ने मृतका की चप्पल को सूंघ कर निरीक्षण किया, परंतु कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, मृतका चार बहनों और एक भाई में चौथे स्थान पर थी और कुछ वर्ष पहले इंटर की पढ़ाई पूरी कर घर के काम में हाथ बंटा रही थी। पिता सियाराम बिंद सब्जी मंडी में मजदूरी का काम करते हैं, जबकि भाई ड्राइवरी करता है। इस घटना से मां चंद्रावती देवी और तीनों बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
