बलिया
रसड़ा में क्रिसमस की धूम, चर्चों में विशेष प्रार्थना और कैरोल गीतों की गूंज
रसड़ा (बलिया) (जयदेश)। प्रभु यीशु के जन्म का पर्व क्रिसमस इस बार भी बड़े धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। क्षेत्र के प्रमुख गिरजाघरों में 24 दिसम्बर को मध्य रात्रि विशेष प्रार्थना का आयोजन होगा जिसमें प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की खुशी में कैरोल गीत गाए जाएंगे।

राघोपुर के अठिलापुरा मार्ग स्थित गिरजाघर, मिशन परसिया, मिशन बैजलपुर, मिशन गिरजाघर रसड़ा, बाहरी मिशन सहित सभी चर्चों में यह आयोजन होगा।क्रिसमस की तैयारियों के तहत चर्चों में प्रभु यीशु की झांकी (चरनी) स्थापित की जा चुकी है और क्रिसमस ट्री भी सजाया गया है।
चर्च परसिया के फादर मैथ्यू कत्यानी ने बताया कि प्रभु यीशु के आगमन पर समुदाय के लोग एकत्र होकर पूजा विधि, कैरोल गीत और घंटा बजाकर प्रभु का स्वागत करेंगे। इस दिन की खास बात यह होगी कि लोग प्रभु यीशु के आगमन की खुशी में शोभा यात्रा और झांकी निकालेंगे और फिर इसे गिरजाघर में स्थापित करेंगे।
25 दिसम्बर को प्रभु यीशु के जीवन पर आधारित एक विशाल सजावट के साथ झांकी सजाई जाएगी। इस दिन को याद करते हुए सेंटाक्लॉस बनकर दीन-दुखियों को उपहार और मदद दी जाएगी और बच्चों को खिलौने और अन्य उपहार दिए जाएंगे। इसके साथ ही लोग उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प भी लेंगे। इस प्रकार क्रिसमस का पर्व इस साल भी बड़े हर्ष और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।
