अपराध
रसगुल्ले ने ले ली अमित की जान, परिजन समेत डॉक्टर हैरान
जमशेदपुर। मौत कब, कहां, कैसे आ जाए ? इस बारे में इंसान का वास्तविक रूप से नियंत्रण नहीं होता। छोटी सी घटना जब बड़ा रूप ले लेती है तब इंसान को पछतावा होता है काश मैंने यह ठीक कर दिया होता। ताजा मामला जमशेदपुर से है।
गालूडीह थाना क्षेत्र के पाटमहुलिया गांव के रहने वाले अमित सिंह (17 वर्षीय) घर में पलंग पर लेटे-लेटे मोबाइल देखते हुए रसगुल्ला खा रहा था। इस बीच रसगुल्ला उसके गले में फंस गया, जिससे अमित छटपटाने लगा। घटना के वक्त घर पर केवल अमित के चाचा रोहिणी सिंह ही थे। उन्होंने अमित के गले के अंदर अंगुली डालकर रसगुल्ला निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए।
घटना के वक्त अमित के पिता सुजीत सिंह बांकी पंचायत गए हुए थे। मां उर्मिला सिंह भी घर पर नहीं थीं। अमित को अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने अमित को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि एक रसगुल्ला की वजह से अमित की जान कैसे जा सकती है ?
इस घटना के संदर्भ में, शंमृतक के चाचा रोहिणी सिंह ने कहा कि, मैं तीन महीने बाद बाहर से काम से लौटा हूं। सुबह अमित गालूडीह स्टेशन से बाइक पर मिठाई लेकर घर पहुंचा था। वह पलंग पर लेटे-लेटे मोबाइल गेम खेलते हुए रसगुल्ला खा रहा था। तभी अचानक से रसगुल्ला उसके गले में अटक गया। अमित की एक छोटी बहन है, जो उसे सोमवार को राखी बांधने वाली थी। घर मे पड़ी राखी देखकर वह रह-रहकर फफक पड़ती है। वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी रो-रो कर बेहाल हो गए हैं।
