गोरखपुर
रवि किशन को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस अलर्ट
निजी सचिव को फोन कर दी धमकी, सांसद की सुरक्षा बढ़ाने की मांग तेज
गोरखपुर। भोजपुरी सिनेमा से लेकर राजनीति तक अपनी अलग पहचान बनाने वाले गोरखपुर के लोकप्रिय सांसद रवि किशन शुक्ला को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाला व्यक्ति खुद को बिहार के आरा ज़िले के जवनिया गाँव का निवासी अजय कुमार यादव बता रहा है। उसने सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी को फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा “रवि किशन यादवों पर टिप्पणी करते हैं, इसलिए मैं उन्हें गोली मार दूँगा!”
जब सचिव ने उसे शांत करने की कोशिश की और स्पष्ट किया कि सांसद ने कभी किसी समाज या समुदाय के खिलाफ बयान नहीं दिया, तो आरोपी और भड़क गया। उसने सचिव और सांसद दोनों को गालियाँ दीं और यह तक कह डाला “मुझे तुम्हारी हर गतिविधि की जानकारी है, जब बिहार आओगे तो जान से मार दूँगा।”
बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले ने फोन पर राम मंदिर और भगवान श्रीराम को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कहीं और खेसारी लाल यादव के विवादित बयान का समर्थन किया।घटना के बाद सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी और पवन दुबे ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर से मिलकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने सांसद की सुरक्षा बढ़ाने और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जांच को एंटी साइबर क्राइम सेल के सुपुर्द किया जा सकता है। वहीं, सांसद के आवास और कार्यक्रमों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है।
रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में आरोपी के खिलाफ़ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया।
