वाराणसी
“यूपी कॉलेज को यूनिवर्सिटी बनने में समय नहीं लगेगा” : सीएम योगी
वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज के 115वें संस्थापन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कॉलेज को यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का संकेत दिया। उन्होंने कहा, “यूपी कॉलेज के लिए यह सबसे अच्छा अवसर है। शिक्षक और सरकार मिलकर प्रस्ताव तैयार करें। यूनिवर्सिटी बनने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।” योगी ने आश्वासन दिया कि इस बदलाव से किसी शिक्षक की सेवाओं पर असर नहीं होगा और नए पाठ्यक्रमों को शामिल कर युवाओं को तकनीकी शिक्षा में दक्ष बनाया जाएगा।

तकनीक और नई शिक्षा पर जोर
सीएम ने कहा कि रोबोटिक, ड्रोन, एआई, और चैट जीपीटी जैसी आधुनिक तकनीकों के साथ नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। “हमें समय के साथ चलना होगा। नई तकनीक ने दुनिया को काफी आगे बढ़ा दिया है,” योगी ने कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यूनिवर्सिटी बनने के बाद मान्यता के लिए भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

युवाओं की ताकत पर भरोसा
युवाओं की शक्ति को रेखांकित करते हुए सीएम योगी ने कहा, “जिस देश की युवा शक्ति अपराध से जुड़ी हो या कुंठित हो, वह देश कभी प्रगति नहीं कर सकता। परिवर्तन का दायित्व हमेशा युवाओं पर होता है। हमारे देश की युवा शक्ति ने हमेशा इतिहास रचा है।”
रामायण और महाभारत से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक के उदाहरण देते हुए योगी ने कहा, “भगवान राम, भगवान कृष्ण, स्वामी विवेकानंद, और वीर सावरकर जैसे महापुरुषों ने युवावस्था में ही बड़े-बड़े संकल्प लिए। युवा शक्ति ने जब भी अंगड़ाई ली है, भारत ने नया इतिहास रचा है।”

मंत्री ने की यूनिवर्सिटी की मांग
इस कार्यक्रम में राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने यूपी कॉलेज को यूनिवर्सिटी बनाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा, “1909 में स्थापित यह कॉलेज प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक देश को नेतृत्व देने वाले व्यक्ति तैयार कर चुका है। यह कॉलेज न केवल शिक्षा बल्कि खेल और कृषि क्षेत्र में भी अपनी पहचान रखता है।” उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेज 100 एकड़ में फैला है और यहां का लाल पेड़ा देशभर में मशहूर है।

इतिहास से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेगा यूपी कॉलेज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जस्टिस एसके सिंह ने सीएम योगी को “राजर्षि” की उपाधि दी। उन्होंने कहा कि यूपी कॉलेज ने लाखों परिवारों को शिक्षा का अधिकार दिया है। सीएम ने इसे एक सुनहरा मौका बताते हुए कॉलेज को विश्व स्तरीय यूनिवर्सिटी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
