गाजीपुर
यूपीपीसीएस 2024 : रवि राय शर्मा 64वीं रैंक के साथ बने बीडीओ
कुंडेसर (गाजीपुर) जयदेश। उत्तर प्रदेश पीसीएस परीक्षा 2024 में जनपद गाजीपुर के शेरपुर खुर्द निवासी रवि राय शर्मा ने 64वीं रैंक हासिल कर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस सफलता से पूरे गांव में हर्ष का माहौल है।
कहावत है कि मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, और रवि राय शर्मा ने अपनी मेहनत व लगन से इसे सच कर दिखाया है। यह उनकी दूसरी कोशिश थी, जिसमें उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के किसान पूर्व माध्यमिक विद्यालय शेरपुर खुर्द से प्राप्त की। इसके बाद हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई आर्मी पब्लिक स्कूल झांसी से पूरी की, जहां इंटरमीडिएट में उन्होंने पूरे झांसी जनपद में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने एचबीआईटी कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया।
इंजीनियरिंग के बाद रवि ने तीन वर्षों तक एक प्रतिष्ठित निजी कंपनी में कार्य किया। वर्ष 2015 में उनका चयन आईटीबीपी में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर हुआ। वर्तमान में वह राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) में डिप्टी कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं और वीवीआईपी सुरक्षा में मुख्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
उनके पिता रविन्द्रनाथ राय भारतीय सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता बिंदु राय गृहणी हैं। परिवार में बड़े भाई अर्जुन राय यूपी पुलिस में कार्यरत हैं और बड़ी बहन रेखा राय शिक्षक के पद पर हैं। पिता ने बताया कि रवि बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं और उन्होंने कठिन परिश्रम के बल पर यह सफलता अर्जित की है।
रवि राय शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। उन्होंने कहा कि जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए, तब तक प्रयास नहीं छोड़ना चाहिए। उनके अनुसार यूपीपीसीएस की परीक्षा का मार्ग अत्यंत कठिन है और इसमें सफलता अनुशासन, एकाग्रता, दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम से ही संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और मेहनत से किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता।
जैसे ही यूपी पीसीएस 2024 का परिणाम घोषित हुआ, गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके घर पर बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि जयानंद राय मोनू सहित कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
