Connect with us

गाजीपुर

मोहम्मदाबाद में जाम की विकराल समस्या, आम जनजीवन प्रभावित

Published

on

Loading...
Loading...

मोहम्मदाबाद (गाजीपुर) जयदेश। मोहम्मदाबाद नगर क्षेत्र में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हालात यह हैं कि अक्सर सुबह से लेकर देर शाम तक यूसुफपुर बाजार के प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आते हैं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

विशेष रूप से यूसुफपुर बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक रोड पर प्रतिदिन बड़ी-बड़ी गाड़ियों को सड़क पर ही खड़ा कर कई घंटों तक लोडिंग-अनलोडिंग कराई जाती है। इसके चलते इस मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। वहीं जब यही भारी वाहन विठ्ठल चौराहा मोड़ पर पहुंचते हैं तो मार्ग संकरा होने के कारण अक्सर वाहन फंस जाते हैं, जिसका सीधा असर मिडटाउन रोड, मशीनरी रोड सहित आसपास के अन्य मार्गों पर भी पड़ता है और लगभग पूरे बाजार में भयंकर जाम लग जाता है।

जाम की इस समस्या से स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार आपात सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रह जाती है और स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

नगरवासियों का कहना है कि इलाहाबाद बैंक रोड एवं विठ्ठल चौराहा क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, लोडिंग-अनलोडिंग के लिए निश्चित समय निर्धारण तथा सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, ताकि यूसुफपुर बाजार सहित पूरे मोहम्मदाबाद नगर को जाम की समस्या से निजात मिल सके।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page