वाराणसी
मैदागिन-गोदौलिया और रामापुरा होकर नहीं चलेंगी स्कूल बसें
काशी में महाकुंभ की तैयारियों के मद्देनजर लिया गया निर्णय, 1 जनवरी से प्रभावी
वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम में महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और गिरजाघर चौराहे पर रोपवे स्टेशन के निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए मैदागिन, गोदौलिया, चौक और रामापुरा क्षेत्र में बड़ी स्कूल बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह निर्णय 1 जनवरी 2025 से प्रभावी होगा।
यातायात पुलिस ने इस संबंध में 15 प्रमुख स्कूल संचालकों को नोटिस जारी करते हुए छोटे वाहनों या कैब की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। एडीसीपी ट्रैफिक राजेश पांडेय ने बताया कि इस रूट पर बड़ी स्कूल बसों के चलने से अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है।
मंदिर मार्ग पर यातायात दबाव
मंदिर के गेट नंबर चार पर वीआईपी और वीवीआईपी आगमन के चलते यातायात दबाव पहले से ही बढ़ा हुआ है। स्कूल बसों के प्रवेश के कारण संचालन में कठिनाइयां हो रही हैं और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
15 दिन का समय, व्यवस्था न होने पर प्रवेश पर रोक
यातायात पुलिस ने स्कूल संचालकों को 15 दिन का समय दिया है, जिसमें उन्हें छोटे वैन या कैब की व्यवस्था करनी होगी। एडीसीपी ने स्पष्ट किया कि अगर तय समय तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो 1 जनवरी से बड़ी स्कूल बसों को इन क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे पहले भी मंदिर मार्ग और रामापुरा क्षेत्र में सिटी बसों का संचालन बंद किया जा चुका है। अब स्कूल बसों पर भी यह प्रतिबंध लागू होगा।
