गाजीपुर
मुसहर बस्ती में अलाव की व्यवस्था न होने से ग्रामीण परेशान
भीषण ठंड में मदद की गुहार
भावरकोल (गाजीपुर) जयदेश। क्षेत्र के ग्राम सभा पखनपुरा में एनएच-31 के दक्षिण स्थित मुसहर बस्ती के लोग भीषण ठंड और गलन में प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। लगभग 100 मीटर दूरी पर स्थित इस बस्ती में झोपड़ियों, प्लास्टिक के आवासों और कुछ सरकारी आवासों में रह रहे मुसहर जाति के लोगों को अलाव की व्यवस्था न होने से भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
मुसहर जाति के लोग अपनी जीविका के लिए पेड़ों की हरी पत्तियां बेचते हैं, किसानों के यहां मजदूरी करते हैं, और कुछ भीख मांगकर अपने परिवार का पेट भरते हैं। लेकिन भीषण ठंड में प्रशासन की ओर से कोई सहायता न मिलने के कारण यह लोग दूसरों की मदद से लकड़ी का इंतजाम कर जैसे-तैसे रातें गुजार रहे हैं।
बस्ती के निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था कर उनकी मदद की जाए, ताकि ठंड के प्रकोप से उन्हें राहत मिल सके।
