अपराध
मुर्गा लदे पिकअप से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
पटहेरवा (कुशीनगर)। जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुर्गा लदे एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि मुर्गा लदे पिकअप के जरिए शराब बिहार ले जाई जा रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय तथा चौकी इंचार्ज फाजिलनगर मनोज वर्मा को सूचना मिली थी कि फाजिलनगर की ओर से तमकुहीराज की तरफ जा रही एक पिकअप में किनारों पर मुर्गे लदे हैं, जबकि बीच में देसी, अंग्रेजी और बीयर की पेटियां छिपाकर रखी गई हैं। सूचना के बाद रविवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस टीम ने हाईवे स्थित काजीपुर कट के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप का इंतजार शुरू किया।
कुछ देर बाद बताई गई पिकअप वहां पहुंची। पुलिस टीम को देखकर चालक घबरा गया और वाहन रोक दिया। पुलिस ने चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह मुर्गा लेकर बिहार के मोतिहारी जा रहा है। हालांकि पुलिस को शक होने पर जब पिकअप की तलाशी ली गई तो मुर्गों के बीच शराब के कार्टून छिपाकर रखे मिले।
पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह मुर्गों के बीच शराब छिपाकर ले जाता था, जिससे पुलिस या आम लोगों को आसानी से शक नहीं होता था। बाद में वह बिहार में इन शराबों को अधिक कीमत पर बेच देता था।
पुलिस की तलाशी में पिकअप से 24 बंडल में 144 बोतल रायल स्टेंग 750 एमएल, 24 पेटियों में 1152 पीस फ्रूटी आफिसर च्वाइस 180 एमएल तथा 14 बंडल में 168 पीस बीयर बरामद हुई। इस तरह कुल 452.36 लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस के अनुसार बरामद शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान राज किशोर यादव निवासी गांव राजापुर, थाना कोटवा, जिला मोतिहारी (बिहार) के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 60/72 आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
