वाराणसी
“मुझे क्यों इग्नोर कर रही है सरकार”?
वायरल SIR फार्म ने किया चकित : अदमापुर निवासी सुबेदार यादव की पीड़ा हुई सार्वजनिक
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के सेवापुरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा अदमापुर में भरे गए एक SIR फार्म ने सबको आश्चर्यचकित कर दिया है। यह फार्म अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीण सुबेदार यादव पुत्र श्री संग्राम यादव, जो कि ग्राम सभा अदमापुर के मूल निवासी हैं, ने अपने SIR फार्म में अलग ही अंदाज में अपनी बात लिखी है। उन्होंने लिखा है—
“मैं वोट हूँ देश का भविष्य हूँ! मुझसे ही देश के सांसद, विधायक बनते हैं। मैं भी सरकार के सिस्टम का अंश हूँ!”
उन्होंने अपने फार्म में आगे उल्लेख किया है कि देशसेवा के भाव से उन्होंने अपने खेत को गिरवी रखकर पहलवान खिलाड़ियों के लिए एक भव्य अखाड़ा बनवाया है। उनका कहना है कि ग्राम सभा अदमापुर महनाग में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए यह उनका अनोखा प्रयास है।
यादव ने लिखा कि अखाड़ा निर्माण के बाद सरकार की ओर से ग्राम प्रधान को 12 लाख रुपये इनाम दे दिया गया, जिससे वे काफी आहत हैं। उन्होंने प्रश्न उठाया है कि जहाँ उनके प्रयास से खिलाड़ियों को मंच मिला, वहीं उन्हें नज़रअंदाज क्यों किया गया?
फार्म में उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति के कमजोर होने का भी उल्लेख किया है और सरकार से मदद की गुहार लगाते हुए लिखा है—“मैं भी सरकार के सिस्टम का अंश हूँ! मुझे क्यों इग्नोर कर रही है सरकार! मैं आर्थिक स्थिति से बहुत कमजोर हो गया हूँ, कृपया मेरी मदद करे सरकार!”
इस अनोखे तरीके से भरे गए SIR फार्म ने अब प्रशासन से लेकर राजनीतिक गलियारे तक सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया है।
