मुम्बई
मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर भगदड़, नौ घायल
यूपी-बिहार जाने के लिए उमड़े थे लोग
मुंबई। देशभर में दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। इसके चलते मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ देखने को मिली। इसी भीड़भाड़ के बीच प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर भगदड़ मच गई, जिसमें 9 यात्री घायल हो गए। जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत बांद्रा के बाबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, 7 यात्रियों की हालत स्थिर है, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे के कारणों पर सवाल
मिली जानकारी के अनुसार, बांद्रा से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 22921 से यात्रा करने के लिए आए लोगों की भीड़ इतनी अधिक थी कि प्लेटफॉर्म पर व्यवस्था बिगड़ गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। इस भगदड़ में कई लोगों के कपड़े फट गए और उनके सामान बिखर गए। स्टेशन पर खून के धब्बे भी दिखाई दिए जो इस हादसे की गंभीरता को बयां करते हैं।

भीड़ नियंत्रण में नाकामी पर सवाल, रेलवे पर लगे आरोप
स्थानीय यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर अव्यवस्था का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त सुरक्षा और व्यवस्था नहीं की गई थी। केवल कुछ RPF जवान तैनात थे जो यात्रियों को कतार में लगाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन ट्रेन के आते ही लोग एक-दूसरे पर चढ़ते हुए कोच में घुसने की होड़ में लग गए।
रेलवे ने दिया स्पष्टीकरण
पश्चिमी रेलवे के CPRO, विनीत अभिषेक ने बताया कि ट्रेन नंबर 22921 को मुंबई से गोरखपुर के लिए जनरल कोच में संचालित किया जाता है। त्योहारों के सीजन को देखते हुए ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर 2-3 घंटे पहले खड़ा किया गया था ताकि यात्री आराम से चढ़ सकें। परंतु प्लेटफॉर्म पर पहुंचने से पहले ही यात्रियों ने ट्रेन में चढ़ना शुरू कर दिया जिसके चलते भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
CPRO के अनुसार, इस बार पिछले साल की तुलना में अधिक हॉलीडे स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं, और केवल मुंबई से ही देशभर के विभिन्न स्टेशनों के लिए 87 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। त्योहारों के इस खास मौके पर अपने घरों को लौट रहे यात्रियों के बीच किसी भी तरह से ट्रेन पकड़ने की होड़ मची हुई है। कई यात्री बिना रिजर्वेशन भी सफर करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे स्टेशनों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।
