मिर्ज़ापुर
मीरजापुर में यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम

संकल्प हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ़ वूमेन के अंतर्गत सितंबर माह में चल रहे 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के चौथे दिन आज मुकेरी बाजार स्थित कीर्तन भवन में “यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
निदेशालय महिला कल्याण उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में हब की जागरूकता टीम ने महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी।कार्यक्रम का नेतृत्व महिला सशक्तिकरण हब की जिला मिशन कोआर्डिनेटर डॉ. मंजू यादव ने किया।
उन्होंने मासिक धर्म, उससे होने वाली बीमारियों और इससे जुड़ी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए महिलाओं और किशोरियों को हाइजीन के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मासिक धर्म कोई बीमारी नहीं है और समाज में फैली रूढ़िवादी सोच को समाप्त करना आवश्यक है।
महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया।कार्यक्रम में जेण्डर स्पेशलिस्ट दिव्या जायसवाल ने महिला कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी दी, जबकि शालिनी देवी ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए उपलब्ध टोल-फ्री नंबर साझा किए। डॉ. राजेंद्र कुमार ने मातृ वंदना योजना की जानकारी देते हुए लाभार्थियों को जागरूक किया।
इसके अलावा वन स्टाप सेंटर, चाइल्ड लाइन, शक्ति सदन और SAA सेंटर पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।कार्यक्रम का संचालन पूर्णिमा ने किया। साथ ही जेंडर सेंसिटाइजेशन, लिंगानुपात और लिंग विभेद पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर हब के सभी कर्मचारी, पालक संस्था की संरक्षिका, किशोरियां और महिलाएं उपस्थित रही।