मिर्ज़ापुर
मीरजापुर में मिशन शक्ति फेज-05 महिला सशक्तिकरण अभियान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मीरजापुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर मीरजपुर के साथ मिशन शक्ति फेज-05 महिला सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव संबोधन भी सुना गया।
अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण और जागरूक करना है। दिनांक 20.09.2025 से 21.10.2025 तक अभियान चलाया जाएगा। मिशन शक्ति के तहत जनपद के सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें महिला उप निरीक्षक, महिला मुख्य आरक्षी और महिला आरक्षियों की नियुक्ति की गई है।महिला सुरक्षा केंद्र पर आने वाली पीड़िताओं को सम्मानजनक व्यवहार और तत्काल विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
महिला बीट अधिकारी और महिला सुरक्षा दल (एन्टी रोमियो टीम) गांवों, बस स्टैंड, बाजार, स्कूल, कॉलेज और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर बालिकाओं और महिलाओं से संवाद कर सुरक्षा उपायों और जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे।
शक्ति दीदी अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को विमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108 सहित अन्य सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी। अभियान के जरिए महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।