गाजीपुर
मिशन शक्ति-5 : विद्यालय में पुलिस टीम ने बालिकाओं को किया जागरूक

नंदगंज (गाजीपुर)। शासन की ओर से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत पुलिस टीम द्वारा बुधवार को शहीद स्मारक इण्टर कालेज नंदगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस मौके पर पुलिस टीम ने विद्यालय की छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) लिखवाकर जानकारी दी। बालिकाओं को इन नंबरों की उपयोगिता समझाई गई ताकि आपात स्थिति में उन्हें तत्काल सहायता मिल सके।
नंदगंज थाने की महिला सिपाही शिखा सिंह ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए और मानसिक सतर्कता व त्वरित निर्णय लेने की तकनीक बताई। इस जागरूकता सत्र में प्रधानाचार्य उदय राज ने छात्राओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी दी।
विद्यालयों में उप निरीक्षक दिवाकर प्रसाद, मंसूर खान व अशोक पाण्डेय द्वारा पम्पलेट वितरित करके विद्यालय में शिकायत पेटिका लगाने का कार्य किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक व शिक्षणेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।