Connect with us

पूर्वांचल

मिशन शक्ति फेज-5.0 : महिलाओं और बालिकाओं के लिए चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान

Published

on

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-5) के तहत जनपद आजमगढ़ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में, मिशन शक्ति टीम ने जनपद के सभी थानों पर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के तहत विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया। इन कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह और महिलाओं की गरिमा से संबंधित अपराधों के खिलाफ कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई।

इसके साथ ही, महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया, जिनमें वीमेन पावर लाइन (1090), पुलिस आपातकालीन सेवा (112), सीएम हेल्पलाइन नंबर (1076), चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर (1098), वन स्टॉप सेंटर (181), साइबर हेल्पलाइन नंबर (1930), स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन (102), एम्बुलेंस सेवा (108), जनसुनवाई पोर्टल और स्थानीय थाने की हेल्प डेस्क जैसी सेवाएं शामिल है।

मिशन शक्ति के तहत जनपद के सभी थानों द्वारा पुलिस की पाठशाला और चौपाल आयोजित की गईं, जहां छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों से जुड़ी समस्याओं को समझना और उनका समाधान प्रदान करना था। मिशन शक्ति के इस चरण के तहत जागरूकता अभियानों ने समाज में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa