राज्य-राजधानी
मिशन शक्ति : पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक
संत कबीर नगर। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (चरण-5) के तहत बेलहर थाना क्षेत्र के धुसुकपुरवा गांव में चौपालों का आयोजन किया गया।
इन चौपालों में महिलाओं और बच्चियों को महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्व दवन सिंह और थाना प्रभारी अनिल कुमार सहित अनेक महिला पुलिस कांस्टेबल उपस्थित रहीं।
अधिकारियों ने महिलाओं को किसी भी समस्या या अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी। उन्हें 1090 (वूमेन पावरलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1098 (बाल सहायता हेल्पलाइन) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी रोकथाम के लिए समाज का सतर्क और जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं और बच्चियों को अपराध रोकथाम में उनकी सक्रिय भूमिका के महत्व को समझाया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्व दवन सिंह, प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, सतीश सिंह, मातिबर यादव, रविन्द्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, अरविन्द लोधी, अंजू लता, हेड कांस्टेबल सतीश सिंह तथा कांस्टेबल लक्ष्मीकांत तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
