वाराणसी
मिर्जामुराद पुलिस ने 25 हजार के इनामी गैंगस्टर को दबोचा
वाराणसी। मिर्जामुराद पुलिस ने बुधवार को एक 25,000 रुपये के इनामी वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस क्षेत्र के मेहंदीगंज अंडरपास के समीप घेराबंदी कर गैंगेस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त विशाल कुमार बिंद पुत्र भरत बिंद निवासी ग्राम गौर, थाना मिर्जामुराद को दबोच लिया। अभियुक्त की उम्र 24 वर्ष बताई जा रही है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि अभियुक्त चोरी का अभ्यस्त अपराधी है और अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गिरोह संचालित करता है। यह गिरोह जनपद स्तर पर सक्रिय रहकर चोरी, खरीद-फरोख्त और जालसाजी जैसे अपराधों को अंजाम देता है। अभियुक्त के खिलाफ थाना मिर्जामुराद और थाना जंसा में गैंगेस्टर एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
