Connect with us

गोरखपुर

मासूम बेटे की मां पर दहेज के लिए कहर, मारपीट कर घर से निकाला

Published

on

Loading...
Loading...

पीड़िता ने गोरखपुर पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

गोरखपुर। जनपद के गोला थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता को दहेज की लालच में उसके ही ससुराल वालों ने अमानवीय यातनाएं दीं। पीड़िता, जो एक मासूम बेटे की मां है, ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए गोरखपुर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के अनुसार उसकी शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व गोला थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति विनय कुमार, ससुर लालधारी और सास माला देवी द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार पंचायत और पारिवारिक समझौते के प्रयास हुए, लेकिन उत्पीड़न थमा नहीं।

पीड़िता का आरोप है कि बीते 5 जनवरी की रात दहेज को लेकर हुए विवाद के दौरान ससुरालियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे उसकी आंख, कमर और पेट में गंभीर चोटें आईं। यही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह दहशत में आ गई।

पीड़िता ने बताया कि उसका 10 माह का मासूम बेटा है, इसके बावजूद ससुराल वालों का दिल नहीं पसीजा। घटना के बाद उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह गोला थाने पहुंची और लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

Advertisement

पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page