गोरखपुर
मामूली कहासुनी बनी जानलेवा, छात्र की इलाज के दौरान मौत
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार स्थित डीबी इंटर कॉलेज परिसर में मामूली कहासुनी ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक होनहार छात्र की जान चली गई। परीक्षा देने आए 18 वर्षीय अंकुश सिंह की ईंट से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार अंकुश सिंह पुत्र जनार्दन सिंह, निवासी सरदार पटेल नगर, 25 फरवरी 2026 को कॉलेज में आयोजित परीक्षा देने पहुंचा था।परीक्षा समाप्त होने के बाद परिसर स्थित पार्किंग स्थल में उसकी किसी बात को लेकर सत्यम कुमार गौड़ से कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में आकर सत्यम कुमार गौड़ ने पास पड़ी ईंट उठाकर अंकुश के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगते ही अंकुश जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। अचानक हुई इस घटना से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्रों और शिक्षकों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया, जहां गुरुवार 26 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई और निगरानी होती तो यह घटना टाली जा सकती थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की मांग तेज हो गई है।
शाहपुर पुलिस ने मामले में अपराध संख्या 35/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) व 115(2) के तहत नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा कायम किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
